जिलाधिकारी  ने कलेक्ट्रेट सभागार में  कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक की

Spread the love

सोनभ्राद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लक्ष्य प्राप्ति में पिछड़ने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी वसूली कार्रवाई, आरसी का नियमित मिलान, सरकारी भूमि की सुरक्षा तथा जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा भूमि संबंधी विवादों का समाधान मौके पर जाकर सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं राजस्व कार्मिकों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न होने पाए। बैठक के दौरान परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग में पकड़े जाने वाले वाहनों के साथ-साथ संबंधित खदान एवं परमिट धारकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराई जाए तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्धारित मानकों एवं शासनादेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी घोरावल आशीष त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *