प्रयागराज । मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रयागराज मंडल के संरक्षा एवं सुरक्षा विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आमजन में रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु “सतर्कता एवं जन-जागरूकता अभियान” के अंतर्गत मोबाइल वीडियो वैन के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों एवं रेल मार्गों के आसपास सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देना तथा रेल दुर्घटनाओं एवं असुरक्षित गतिविधियों की रोकथाम करना है। इसी क्रम में आज दिनांक 08 जून, 2026 को *रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कानपुर सेंट्रल* द्वारा पोस्ट क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया । अभियान के अंतर्गत सरसौल रेलवे स्टेशन, रूमा रेलवे स्टेशन, चकरी रेलवे स्टेशन, चंदारी रेलवे स्टेशन, कानपुर रेलवे स्टेशन, गेट संख्या-75, गेट संख्या-2, गेट संख्या-3, पार्सल एरिया तथा सर्कुलेटिंग एरिया में मोबाइल वीडियो वैन के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया।
मोबाइल वीडियो वैन के माध्यम से लोगों को एकत्रित कर रेलवे सुरक्षा एवं सतर्कता संबंधी वीडियो संदेश, लघु फिल्में तथा जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की गई। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल एवं रेलवे प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए ई-पम्पलेट्स वितरित किए गए तथा लाउडहेलर के माध्यम से रेल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश प्रसारित किए गए।
अभियान के दौरान आमजन को रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से चलने, रेलवे लाइन पार करने, बंद रेलवे फाटक को पार करने, चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकने, रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य असुरक्षित गतिविधियों से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को यह भी बताया गया कि रेल सुरक्षा नियमों का पालन कर वे स्वयं तथा अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। प्रयागराज मंडल प्रशासन का विश्वास है कि जनसहभागिता एवं सतत जागरूकता के माध्यम से रेल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। मंडल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे रेल सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में रेलवे को सुरक्षित बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
