हरित भविष्य के संकल्प के साथ संपन्न हुआ उत्तर मध्य रेलवे में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान

Spread the love

 

प्रकृति के प्रति सम्मान एवं संरक्षण की भावना भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग – महाप्रबंधक, नरेश पाल सिंह

समापन समारोह पर्यावरण संरक्षण पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ सम्पन्न

 प्रयागराज । रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 15 मई से 05 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा आयोजित किया गया, जिसका समापन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेलगाँव कॉलोनी, सूबेदारगंज एवं स्पंदन क्लब में आयोजित विशेष कार्यक्रम के साथ हुआ। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “क्लाईमेट चेंज” रही।

समापन कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति सम्मान एवं संरक्षण की भावना भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रही है तथा वर्तमान समय में पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पहले से अधिक है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में वृक्षारोपण, ऊर्जा संरक्षण, जल एवं विद्युत की बचत, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे छोटे-छोटे कदम अपनाने का आह्वान किया।

महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल देश का सबसे पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन माध्यम है तथा उत्तर मध्य रेलवे पर्यावरण संरक्षण को अपनी कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा मानते हुए निरंतर विभिन्न पहल कर रहा है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण हेतु संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा-2026 के दौरान उत्तर मध्य रेलवे द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवधि में कुल 141 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही साइकिल रैली, श्रमदान, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, वृहद वृक्षारोपण अभियान, विभिन्न प्रतियोगिताओं, कपड़े के थैलों एवं स्टील की बोतलों के वितरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के लिए 19 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर  अनिल कुमार द्विवेदी ने पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में प्रकृति की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष वीडियो का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। समारोह में पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।  कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती हीमा चौहान सिंह, सचिव श्रीमती साधना कुमार, सदस्य श्रीमती राखी द्विवेदी एवं श्रीमती श्रुति सचान सहित विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भविष्य के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। संपूर्ण पखवाड़ा एवं समापन कार्यक्रम का सफल आयोजन मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक मनीष कुमार के नेतृत्व में किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *