राँची। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में सीसीएलमें “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत एसटीसी, गांधीनगर में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर श्रीमती रीता तिवारी, श्रीमती नीरू हंजूरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सीसीएल कर्मी , कर्मियों के परिजनों तथा अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की सभी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 200 पौधों का वितरण भी किया गया। वितरित पौधों में आयुर्वेदिक, फलदार एवं पुष्पीय पौधे शामिल थे। सदस्यों ने आसपास के लोगों के बीच पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा प्रत्येक व्यक्ति से पौधारोपण एवं उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भावना से जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य पैकेटों का भी वितरण किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा को समर्पित इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृत्व और प्रकृति दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सुंदर प्रयास है। हम सभी को एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी एवं अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया।
