एपीसीपीएल में बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 का धूमधाम से हुआ उद्घाटन

Spread the love

 झज्जर । झाड़ली गाँव स्थित एपीसीपीएल पावर प्लांट में “बेटियों का उत्थान, देश का अभिमान” थीम के साथ “बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026” का उद्घाटन धूमधाम से किया गया । यह कार्यक्रम एपीसीपीएल के नैगम सामाजिक दायित्व (सी.एस.आर) के अंतर्गत आयोजित किया जाता है,  जिसका उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना और उनके जीवन को सकारात्मक रूप से बदलने के लिए संगठन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है ।          

इस अभियान का उद्घाटन मुख्य अतिथि अनिल कुमार जाडली, अध्यक्ष (एपीसीपीएल) एवं निदेशक (मानव संसाधन, एनटीपीसी), विशिष्ट अतिथि श्रीमती आभा जाडली, वरिष्ठ सदस्य (संयुक्ता महिला समिति) ने किया और इस अवसर पर  दिलीप कईर्बोत्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एपीसीपीएल),  आमोद जिंदल, निदेशक (एचपीजीसीएल), श्रीमती दुर्गा कासीना,  दिवाकर कौशिक, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक – उत्तरी क्षेत्र (एनटीपीसी), श्रीमती सीमा कौशिक, अन्य वरिष्ठ अधिकारीगन, सखी लेडीज क्लब की सदस्याएं, कर्मचारीगण, ग्राम प्रतिनिधिगण, बच्चे और उनके माता-पिता उपस्थित थे। एपीसीपीएल सीएसआर के अंतर्गत आसपास के गांवों से वंचित बालिकाओं को आगे बढ़ने और समान अवसर प्रदान करने के लिए बालिका सशक्तिकरण अभियान का आरंभ साल 2019 मे किया गया था। यह प्रोग्राम पावर प्लांट की एक प्रमुख सी.एस.आर पहल है जो बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और सशक्तिकरण की दिशा पर केंद्रित है।   

 बालिका सशक्तिकरण अभियान चार सप्ताह की आवासीय कार्यशाला है जो पावर प्लांट की टाउनशिप में स्तिथ बाल भारती पब्लिक स्कूल, झाड़ली मे आयोजित करवाया जाएगा । इस अभियान में 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएँ भाग ले रही हैं, जो आसपास के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत हैं। ये बेटियाँ झाड़ली, खानपुर खुर्द, गोरिया, मोहनबाड़ी, बहू झोलरी, सुधराना और लीलोध जैसे गांवों से आई हैं। आने वाले दिनों में वे सीखने, समझने और अपने व्यक्तित्व को निखारने की एक नई यात्रा का हिस्सा बनेंगी। शिक्षा, योग, आत्मरक्षा के अलावा, बालिकाओं को पेंटिंग, संगीत और नृत्य सहित विभिन्न कला रूपों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का पता लगाने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा । और तो और बालिकाएँ विभिन्न शैक्षणिक, मनोरंजक और कौशल निर्माण गतिविधियों में भाग लेंगी जिस से उनका समग्र विकास होगा  ।   

उद्घाटन समारोह के बाद, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और वरिष्ठ अधिकारियों ने एपीसीपीएल अस्पताल का दौरा किया । इस दौरान उन्होंने एपीसीपीएल सी.एस.आर पहल के अंतर्गत संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति और प्रभाव का अवलोकन किया। अधिकारियों ने अभियान के क्रियान्वयन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा इसके माध्यम से झज्जर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि यह अभियान हरियाणा के संपूर्ण झज्जर जिले को कवर करता है और व्यापक स्तर पर बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्यरत है। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने संयंत्र के टॉरिफाइड प्लांट एरिया तथा यूनिट-01 कंट्रोल रूम का दौरा किया। इसके पश्चात स्टेशन की परफॉरमेंस और प्रमुख विषयों की समीक्षा हेतु एक बैठक आयोजित की गई। अपने दौरे के क्रम में उन्होंने एपीसीपीएल सीएसआर पहल के अंतर्गत खानपुर खुर्द स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में निर्मित तीन नवीन कक्षाओं का उद्घाटन भी किया। दौरे का समापन परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुआ, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *