धनबाद। सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल ने बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) परिसर में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक-प्रभारी श्री प्रिय रंजन से भेंटवार्ता की। इस अवसर पर बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया सहित बीएसएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान दोनों सार्वजनिक उपक्रमों के मध्य आपसी समन्वय, औद्योगिक विकास, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही क्षेत्रीय विकास एवं औद्योगिक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर सेल अधिकारियों ने हाल के समय में बीसीसीएल से प्राप्त कोयले की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की सराहना की। साथ ही उन्होंने कोयला मूल्य निर्धारण के पुनर्निर्धारण तथा बीसीसीएल से वॉश्ड कोल एवं वॉश्ड पावर कोल के अधिकाधिक उठाव के संबंध में सेल की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। दोनों संस्थानों के अधिकारियों ने पारस्परिक सहयोग एवं बेहतर कार्य समन्वय के माध्यम से क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
