प्रयागराज । मण्डल कार्यालय के संकल्प सभागार में प्रयागराज मंडल के अधिकारियों की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के साथ बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक के अध्यक्ष मण्डल रेल प्रबन्धक/ प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल थे । इस बैठक में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/सामान्य, दीपक कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/इन्फ्रा, धनंजय कुमार सिंह और वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक, हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/ समन्वय, शिवम शर्मा; वरिष्ठ मंडल इंजीनियर / समन्वय, मो. जावेद अख्तर, उप मुख्य यातायात प्रबन्धक/कानपुर, अकांशु गोविल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे । बैठक की शुरुआत में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/सामान्य, दीपक कुमार ने सभी सदयों को प्लांटर देकर उनका स्वागत किया । रेल उपयोगकर्ताओं को रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवा में सुधार करने के उपायों के लिए रेलवे प्रशासन और उपयोगकर्ताओं की प्रतिनिधि – मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की रेल प्रशासन के साथ समय-समय पर बैठक आयोजित की जाती है।
रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुये मण्डल रेल प्रबन्धक/ प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल ने कहा कि आप आम जनमानस एवं रेल यात्रियों की समस्याओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों को हमारे समक्ष रखते हैं। आपके बहुमूल्य सुझाव यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा जनहित के अनुरूप विकास कार्यों को गति प्रदान करने में सदैव सहायक रहे हैं । प्रयागराज मंडल के सभी विभागों द्वारा टीम भावना के साथ किए जा रहे कार्यों के परिणामस्वरूप मंडल निरंतर नई उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहा है। सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मण्डल में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रमुख स्टेशनों का विकास कार्य प्रगति पर है । साथ ही प्रयागराज जंक्शन एवं कानपुर सेंट्रल स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों के माध्यम से यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक, हरिमोहन ने पीपीटी के माध्यम से सभा में उपस्थित सभी सदयों को मण्डल की उपलब्धियों एवं मण्डल द्वारा यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं और कार्य योजना से अवगत कराते हुये कहा कि प्रयागराज मण्डल द्वारा 17 यात्री आरक्षण केंद्र, 27 यूटीएस कम पीआरएस एवं 126 यूटीएस के माध्यम से 21 जनपदों में रेलवे सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रयागराज मण्डल में मण्डल में 10 स्टेशनों पर 29 JTBS (जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक) कार्यरत हैं । प्रयागराज मण्डल में 37 स्टेशनों पर 156 एटीवीएम कार्यरत हैं एवं इन मशीनों को ऑपरेट करने हेतु 4 दिव्यांगजन सहित 202 फेसिलटेटर नियुक्ति किए गए हैं । एटीवीएम पर कैश लेस ट्रांजेक्शन की भी सुविधा QR CODE के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है । प्रयागराज मण्डल से प्रतिदिन करीब 2 लाख से अधिक यात्रियों को सेवित किया जा रहा है । प्रयागराज की औसत यात्री आय प्रतिदिन करीब 5.3 करोड़ रुपये है ।
प्रयागराज मण्डल के 115 वाणिज्यिक स्टेशनों पर वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है । प्रयागराज मण्डल के 75 स्टेशनों पर सुरक्षा हेतु 1659 CCTV कैमरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है । मण्डल में आची साफ सफाई के लिए के लिए बड़े स्टेशनों और ट्रेनों में पूरी तरह से मशीन से सफ़ाई की जा रही है ।रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों ने विभिन्न स्टेशनों पर गाड़ियों के ठहराव, गाड़ियों के समय में परिवर्तन, फुट ओवर ब्रिज, रोड अंडर ब्रिज, गाड़ियों में साफ-सफाई, खानपान की वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य, वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायत दर पर टिकट एवं नयी गाड़ियों को चलाने के सुझाव जैसे अनेकों विषयों पर गहन चर्चा की गयी ।
मण्डल रेल प्रबन्धक/ प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल ने मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदयों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र ही समाधान दे दिया जाएगा । मण्डल रेल प्रबन्धक, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक और वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक ने जनता के मुद्दों से रेलवे को अवगत करने के लिए सभी को धन्यवाद दिया । इस बैठक में मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य प्रयागराज से अजय कुमार सिन्हा, त्रिभुवननाथ पटेल, शिवशंकर केसरवानी एवं प्रमोद कुमार बंसल, कानपुर से लाइक अहमद, डॉ. स्टैनली ब्राउन, शिवकुमार सचान, जितेंद्र कुमार पाण्डेय एवं विजय पांडे, फ़तेहपुर से प्रदीप गर्ग, चित्रकूट से संतोष कुमार, अलीगढ़ से रामगोपाल दीक्षित एवं संजय पंडित, बुलंदशहर से राजपाल लोधी,उपस्थित थे ।
