भागलपुर। एनटीपीसी कहलगाँव ने अपने 42वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन कर गौरवशाली उपलब्धियों और प्रेरणादायक भविष्य की दिशा में अपने संकल्प को और मजबूत किया। मुख्य समारोह का शुभारंभ एनटीपीसी कहलगाँव के परियोजना प्रमुख रविन्द्र पटेल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर मनोरंजन परिदा (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण), श्रीनाध मारीशेट्टी (महाप्रबंधक, अनुरक्षण एवं एडीएम), भारती नंदन (कमांडेंट, सीआईएसएफ), सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा कर्मीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात एनटीपीसी का नैगम गीत गाया गया, जिससे वातावरण राष्ट्रनिर्माण की भावना से ओत-प्रोत हो गया। रविन्द्र पटेल ने सभी को संबोधित करते हुए कहा, “आज 42 वर्षों के अथक परिश्रम, प्रतिबद्धता और नवाचार के बल पर एनटीपीसी कहलगाँव न केवल विद्युत उत्पादन में अग्रणी बना है, बल्कि राज्य एवं राष्ट्र के ऊर्जा मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है।”
उन्होंने स्टेशन की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संचालन, अनुरक्षण एवं मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में एनटीपीसी कहलगाँव ने अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। साथ ही सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी संस्था निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दीप्तिनगर स्थित मुख्य भवन, प्रवेश द्वारों एवं प्लांट परिसर को पुष्पों तथा रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप से सजाया गया। इस अवसर पर केक काटा गया तथा गुब्बारे छोड़े गए, जिससे स्थापना दिवस का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल और अधिक प्रफुल्लित हो उठा।कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि एनटीपीसी कहलगाँव भविष्य में भी ऊर्जा, उत्कृष्टता और नवाचार के नए मानदंड स्थापित करता रहेगा।
इसके पश्चात स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत परियोजना प्रमुख, रविन्द्र पटेल ने अभिनव कर्मचारी विकास केंद्र, कहलगाँव में पीएमआईएस अभ्यर्थियों एवं कार्यपालक प्रशिक्षु के साथ संवाद किया तथा उन्हें स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान का भी आयोजन किया गया, जिसमें मनोरंजन परिदा (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण), श्रीनाध मारीशेट्टी (महाप्रबंधक, अनुरक्षण एवं एडीएम) सहित सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एनटीपीसी कहलगाँव ने इस स्थापना दिवस को केवल अतीत की उपलब्धियों का उत्सव नहीं बनाया, बल्कि इसे भविष्य की ओर अग्रसर होने के संकल्प दिवस के रूप में भी मनाया, जहाँ प्रत्येक कर्मी ऊर्जा, उत्साह और उत्कृष्टता की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।
