पीवीयूएनएल,पतरातू से प्रथम फ्लाई ऐश रेक रवाना:हरित एवं सतत भविष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम

Spread the love

पतरातू । विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL), पतरातू ने 22 मई 2026 को 4000 टन फ्लाई ऐश की पहली ऐश रेक को मि./ स्टार सीमेंट, टेटेलिया, असम के लिए रवाना किया। यह गंतव्य पतरातू से लगभग 1243 किलोमीटर दूर स्थित है। विशेष बात यह रही कि पीवीयूएनएल में प्राप्त कोयला रेक को ही बैक-लोडिंग के माध्यम से फ्लाई ऐश परिवहन हेतु उपयोग में लाया गया, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हुआ।

इस ऐतिहासिक अवसर पर रेक को पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर  अनुपम मुखर्जी, सीजीएम (प्रोजेक्ट),मनीष खेतरपाल, जीएम (ओ एंड एम),ओम प्रकाश सोलंकी,जीएम (मेंटेनेंस एवं एडमिनिस्ट्रेशन), पीवीयूएनएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं मि./ स्टार सीमेंट के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

यह पहल पीवीयूएनएल की सतत विकास एवं कार्बन फुटप्रिंट को कम करने की प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करती है। रेल रेक के माध्यम से 4000 टन फ्लाई ऐश के परिवहन से लगभग 15,000 लीटर डीजल की बचत हुई है, जो सामान्यतः ऐश को डिस्पोजल साइट तक पहुँचाने में प्रयुक्त होता। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ऊर्जा संसाधनों की भी महत्वपूर्ण बचत सुनिश्चित होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *