धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में आज बीसीसीएल के कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट सेल (सीएमसी) विभाग द्वारा वेंडर्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बीसीसीएल और वेंडर्स/संविदाकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं पर चर्चा करना तथा संविदा प्रबंधन से जुड़े नए प्रावधानों और दिशानिर्देशों की जानकारी देना था।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष (सीएमसी) विक्रम कुमार, बीसीसीएल के इंडिपेंडेंट एक्सटर्नल मॉनिटर्स (IEMs) अरविंद कुमार कादयान एवं अमृत लुगुन सहित सीएमसी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 60 वेंडर्स, उनके प्रतिनिधियों और संविदाकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सीएमसी विभाग द्वारा पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बीसीसीएल की प्रोक्योरमेंट प्रणाली और उसमें पारदर्शिता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि बीसीसीएल की निविदाएं देशभर के बोलीदाताओं के लिए खुली रहती हैं तथा प्री-बिड स्पष्टीकरण और उसके उत्तर सभी प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध कराए जाते हैं। GeM पोर्टल पर दस्तावेजों, तकनीकी मूल्यांकन परिणामों और मूल्य प्रस्तावों की उपलब्धता, आरटीआई प्रावधान तथा बीसीसीएल एवं कोल इंडिया लिमिटेड की वेबसाइट पर कॉन्ट्रैक्ट मैनेजमेंट मैनुअल्स की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में GeM पोर्टल की नई सुविधाओं जैसे आईपी एड्रेस मॉनिटरिंग, ऑटो एक्सटेंशन ऑफ बिड, एमएसई स्टेटस का ऑटो वेरिफिकेशन तथा बिड रिप्रेजेंटेशन और क्लैरिफिकेशन की समय-सीमा पर चर्चा की गई। साथ ही JV/कंसोर्टियम से जुड़े प्रमुख प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में निविदा दस्तावेजों में हाल में किए गए संशोधनों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें वर्किंग कैपिटल दस्तावेज, विवाद समाधान व्यवस्था, अतिरिक्त परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (APS), कार्य अनुभव मानदंड, ग्रुप पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) तथा डीजल मूल्य वृद्धि से संबंधित अंतरिम उपायों की जानकारी दी गई। सीएमसी विभाग ने प्रतिभागियों को निविदा प्रक्रिया में होने वाली सामान्य त्रुटियों के प्रति भी जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान वेंडर्स ने अपनी जिज्ञासाएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे तथा विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। समापन सत्र में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजयी प्रतिभागियों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
