राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के रिपेयर शॉप इलेक्ट्रिकल विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियांत्रिकी सहायक, श्री रुद्र नारायण साहू ने 10 मई, 2026 को बिसरा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम, राउरकेला के इंडोर स्विमिंग पूल में आयोजित तृतीय जिला तैराकी चैंपियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संगठन का नाम गौरवान्वित किया। उल्लेखनीय है कि, यह प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी में आयोजित की गई थी, जिसमें पैरा-एथलीट होने के बावजूद श्री साहू ने सामान्य प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए विजेताओं में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
जिला तैराकी संघ, सुंदरगढ़ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल तीन पदक हासिल किए।श्री साहू ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 1.31 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में 48.01 सेकंड का समय दर्ज कर रजत पदक हासिल किया तथा 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 37.94 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया।उनकी यह उल्लेखनीय उपलब्धि न केवल उनके दृढ़ संकल्प, समर्पण और कठिन परिश्रम को दर्शाती है, बल्कि साहस एवं संघर्षशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।
