*लड़कियों के स्वावलम्बन, आत्मसुरक्षा व अधिकार पर एक महीने तक चलेंगे विभिन्न कोर्स*
मिर्जामुराद , वाराणसी । लोक समिति और आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में किशोरियों को स्वावलम्बी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को किशोरी समर कैम्प का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के शाखा प्रबंधक विभाष मुखर्जी , लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर तथा समर कैम्प की प्रशिक्षक पूनम और प्रदीप ने दीप प्रज्वलित कर किया। लोक समिति आश्रम नागेपुर में आयोजित यह समर कैम्प प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगा। कैम्प में किशोरियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्वरोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जाएंगे।

लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि समर कैम्प में लड़कियों को निःशुल्क कम्प्यूटर, इंग्लिश स्पीकिंग, ब्यूटीशियन, अचार-मुरब्बा एवं पापड़ निर्माण, स्कूटी व ई-रिक्शा ड्राइविंग, हैंडीक्राफ्ट, संगीत, डांस तथा ज्वैलरी निर्माण जैसे रोजगारपरक कोर्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही किशोरियों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा स्वास्थ्य, अधिकार और कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। समर कैम्प 15 जून तक चलेगा। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी किशोरियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। समर कैम्प में नागेपुर सहित आसपास के गांवों की सैकड़ों किशोरियां भाग लेंगी। कार्यक्रम में सोनी, मनीषा, आशा, अनीता, , मधुबाला, सुनील, सीमा, प्रदीप, मनीष, आशीष, ज्योति, सिकन्दर , लौटन पटेल, रामबचन,चंद्रकला, शमा, मंजीता, विद्या तथा श्यामसुंदर मास्टर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किशोरी संगठन की संयोजिका सोनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आशा सामाजिक विद्यालय के प्रधानाचार्य श्यामसुंदर मास्टर ने दिया।
