सोनभद्र। शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 88,026 मामलों का निस्तारण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस लोक अदालत में कुल 26 करोड़ 44 लाख 64 हजार 438 रुपये की समाधान धनराशि पर समझौता हुआ। जनपद न्यायाधीश ने जनपद न्यायालय परिसर में इसका शुभारंभ किया। जिला न्यायालयों द्वारा कुल 3,772 मामलों का निपटारा किया गया, जिसमें 4 करोड़ 33 लाख 58 हजार 222 रुपये की जुर्माना एवं समाधान धनराशि तय हुई। एमएसीटी कोर्ट-9 के न्यायाधीश अशोक कुमार ने 30 मामलों में 3.24 करोड़ रुपये का समझौता कराया।
प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश संदीप गुप्ता ने 143 मामलों में 59.60 लाख रुपये का निस्तारण किया। सीजेएम न्यायाधीश पंकज ने सर्वाधिक 2,905 मामलों का निपटारा किया।राजस्व न्यायालयों, अन्य न्यायालयों और विभिन्न विभागों में 83,780 प्री-लिटिगेशन और लंबित वादों का निस्तारण हुआ, जिसके परिणामस्वरूप 19.56 करोड़ रुपये की समाधान धनराशि तय हुई। इसके अतिरिक्त, निजी और सार्वजनिक बैंकों से संबंधित 474 मामलों में 2.54 करोड़ रुपये का निपटारा किया गया।इससे पहले, 7, 8 और 9 मई को आयोजित विशेष लोक अदालत में लघु अपराधों से जुड़े 26 मामलों का भी निपटारा किया गया था।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय रचना अरोड़ा, विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी गोविन्द मोहन, सचिव राहुल सहित सभी न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव और महामंत्री राजेन्द्र यादव भी मौजूद थे।जनपद न्यायाधीश ने बैंकों और स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में 88,026 मामलों का निस्तारण
