खुर्जा बुलंदशहर। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य कल्याण हेतु 7 मई 2026 को एक हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। यह शिविर सर्वोदय हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से परियोजना परिसर स्थित सरस्वती अतिथि गृह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमार शरद, कार्यपालक निदेशक (परियोजनायें), बिनोद कुमार साहू, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) एवं अन्य अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कुमार शरद ने सर्वोदय हॉस्पिटल के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. निखिल वलसंगकर, डॉ. भूपल सिंह, डॉ. पवन एवं अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों का प्लांटर भेंट कर स्वागत किया। डॉ. प्रभात कुमार (सहायक प्रबंधक, जनसंपर्क) ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस हेल्थ कैम्प का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान ऑर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजी एवं जनरल फिजिशियन द्वारा व्यक्तिगत परामर्श दिया गया एवं ब्लड प्रेशर (BP), शुगर, ईसीजी (ECG), और बीएमडी (BMD) समेत कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण नि:शुल्क प्रदान किए गए। इस अवसर पर श्री कुमार शरद, कार्यपालक निदेशक (परियोजनायें) ने अपने संबोधन में कहा कि “एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। स्वस्थ व्यक्ति ही कार्यस्थल पर भी अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे सकता है।” इस कैंप में परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों सहित कुल 110 लोगों ने अपनी जाँच कराई।
चिकित्सकों ने उपस्थित जनसमूह को संतुलित जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी। समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने प्रबंधन की इस पहल को स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में दिलीप कुमार द्विवेदी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) ने सभी चिकित्सकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री बिनोद कुमार साहू, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) समेत परियोजना के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन में मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
