शक्तिनगर, सोनभद्र। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडे के नेतृत्व में शक्तिनगर थाना क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी सतेंद्र राय के साथ पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की गई, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
शांति व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा – क्षेत्राधिकारी
