राँची। सेंट्रल कोलफील्डस लिमिटेड के मानव संसाधन विकास विभाग (HRD) के एमटीसी में नवनियुक्त सामान्य सहायक (T) कर्मियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय कंप्यूटर जागरूकता कार्यक्रम का समापन आज यानी 24 अप्रैल, 2026 को हुआ। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से एम. एफ. हक, महाप्रबंधक (HRD), श्रीमती कविता गुप्ता, महाप्रबंधक (NEE), विभा उराव , महाप्रबंधक (प्रणाली) तथा सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष आलोक कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 अप्रैल, 2026 से 24 अप्रैल, 2026 तक आयोजित किया गया था। उद्घाटन सत्र में एम. एफ. हक एवं श्रीमती कविता गुप्ता ने प्रतिभागियों को एक संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण अनुभव के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमती कविता गुप्ता द्वारा “Know Your Company” विषय पर सत्र से हुई। पांच दिनों के दौरान प्रतिभागियों को कंप्यूटर प्रणाली के मूल सिद्धांत, MS Office एवं उसके व्यावहारिक उपयोग, LibreOffice, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सहयोगी उपकरण, AI एवं उभरती तकनीकों, इंट्रानेट एवं नेटवर्क की मूल बातें, LAN तथा लेखन अभ्यास सत्रों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ सिस्टम विभाग के अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में डेस्कटॉप पर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इस कार्यक्रम में कुल 21 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल से उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि होने के साथ-साथ संगठन में उनके करियर विकास को भी बल मिलने की अपेक्षा है। सीसीएल द्वारा समय-समय पर अपने कर्मियों के कौशल विकास को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं विकासात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन पहलों के माध्यम से कर्मचारियों की कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता तथा पेशेवर क्षमता में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जाती है। ऐसे कार्यक्रम न केवल उन्हें नवीन तकनीकों एवं आधुनिक कार्यप्रणालियों से अवगत कराते हैं, बल्कि उनकी उत्पादकता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं, जिससे संगठन की समग्र प्रगति को नई दिशा मिलती है।
