श्रेयांशी पाण्डेय ने 94.5 प्रतिशत अंक के साथ जिले में 9वां स्थान किया प्राप्त
- अशासकीय सहायता प्राप्त बालिका विद्यालय वर्ग में अकेले गोपी राधा की छात्रा
- श्रेयांशी ने गणित विषय में हासिल किये शत प्रतिशत अंक
- विद्यालय का रहा 98 प्रतिशत परिणाम
वाराणसी : गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज की हाईस्कूल की छात्रा श्रेयांशी पाण्डेय ने जिले की टॉपर सूची में शामिल होकर विद्यालय का नाम रौशन किया है। गोपी राधा की अंग्रेजी माध्यम की छात्रा श्रेयांशी पाण्डेय को 600 में 567 अंक प्राप्त करते हुए 94.5 प्रतिशत के साथ जिले में नौवां स्थान मिला। यह छात्रा अशासकीय सहायता प्राप्त बालिका विद्यालयों में अकेली टॉपर है। इसके अलावा श्रेयांशी ने गणित विषय में शत प्रतिशत (सौ में से सौ) अंक प्राप्त किया है। मेधावी छात्रा श्रेयांशी को स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती नीति जायसवाल ने लड्डू खिलाकर बधाई दी। वहीं निदेशिका डा. शालिनी शाह ने उक्त छात्रा को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुश्री स्मृति साह व उप निदेशिका सुश्री सलोनी शाह ने मेधावियों को सम्मानित किया। इसके अलावा कक्षा 10 व 12 में 98 प्रतिशत छात्राओं ने सफलता हासिल की है। कक्षा 10 में कुल 193 छात्राओं में 190 ने सफलता हासिल की वहीं इण्टरमीडिएट में कुल 228 में 190 छात्राओं को सफलता मिली।

हाईस्कूल में अंग्रेजी माध्यम की श्रेयांशी पाण्डेय ने 94.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम व जिले में 9वें स्थान पर रहीं। वहीं दिशा साहू ने 91.1 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर कीर्ति कपूर ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। विद्यालय की तीनों टॉपर अंग्रेजी माध्यम की छात्राएं हैं।
इण्टरमीडिएट में ओवरआल टॉपर कला वर्ग की नंदिनी कुमारी गुप्ता 85.2 प्रतिशत अंक पाकर सभी वर्गों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वहीं खुशी ने 83.8 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे एवं आनंदी जायसवाल व खुशी खरवार ने संयुक्त रूप से 83.2 अंक पाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी कड़ी में अंग्रेजी माध्यम के विज्ञान वर्ग, हिन्दी माध्यम का वाणिज्य वर्ग का शानदार परिणाम रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के कंप्यूटर सेंटर में हाईटेक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी। मुफ्त वाई फाई की मदद से बच्चे अपने मोबाइलों पर भी अपना परिणाम देख रहे थे। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार शाह, उप प्रबंधक डॉ.अभिनव भट्ट, समन्वयक रत्नेश गोविंद ने सभी मेधावी छात्राओं और विद्यालय की प्रधानाचार्या व समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बच्चों और टीचर्स के अथक प्रयास और परिश्रम का सकारात्मक सुखद परिणाम आया है। सभी सफल छात्राओं को ढेर सारी शुभकामनाएं एवं बधाई। हमारे विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों की सफलता हेतु अक्टूबर महीने से ही रेमेडियल क्लास आरम्भ कराई गई थी। बच्चों के साथ टीचर्स ने जमकर मेहनत की।आगे भी हमारे बच्चे शानदार परिणाम से लाभान्वित हों यही कामना है। – नीति जायसवाल, प्रधानाचार्या, गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज, रवींद्रपुरी, वाराणसी
बोर्ड परीक्षा परिणाम आ गए हैं। जो सफल हुए या मेरिट में स्थान प्राप्त किए उन्हें शुभकामनाएं, जिनके परिणाम अनुकूल नहीं आए हैं उन्हें अपने परिश्रम को बढ़ाने की आवश्यकता है। वे अपना मनोबल न गिराएं, बल्कि पहले से अधिक और उत्साह के साथ मेहनत करें। परिश्रम का कोई पर्याय नहीं होता है। परिश्रम से सफलता की सीढ़ी प्राप्त होगी। बच्चे खूब मेहनत करें और आगे बढ़ें यही कामना है – डॉ शालिनी शाह, निदेशिका, गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज, रवींद्रपुरी, वाराणसी
