बरेका में 69वां एवं 70वां वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह–2026 का भव्य आयोजन

Spread the love

वाराणसी।बनारस रेल इंजन कारखाना(बरेका) में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बरेका प्रेक्षागृह (सिनेमा हॉल) में 69वें एवं 70वें वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल चौधरी द्वारा महाप्रबंधक का पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। तत्पश्चात महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। अपने स्वागत संबोधन में चौधरी ने सभी पुरस्कृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साह एवं उल्लास से भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत कृष्ण रास रागनी (कृष्ण वंदना संग रास कत्थक शैली में),गजल- “ये दौलत भी ले लो ये शोहरत भी ले लो” एवं डेढ़िया लोक नृत्य की भव्य प्रस्तुति ने दर्शकों को आत्मविभोर कर दिया।

इसके उपरांत जनसंपर्क विभाग द्वारा बरेका की विशिष्ट उपलब्धियों पर आधारित एक आकर्षक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बरेका के गौरवशाली इतिहास, लोको निर्माण, हरित ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता एवं अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों द्वारा विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में वर्ष 2024 एवं 2025 के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 31 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक आशुतोष पंत द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बरेका के विभिन्न अनुभागों को वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सामूहिक पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
प्रमुख पुरस्कारों में लाइट मशीन शॉप एवं ब्लॉक डिवीजन को सर्वोत्तम हाउसकीपिंग, ट्रक मशीन शॉप को सर्वोत्तम कार्य प्रणाली,प्रोग्रेस लोको को सर्वोत्तम संरक्षा प्रदर्शन, मेंटेनेंस एरिया-3 को सर्वोत्तम सर्विस, एफ-51 एवं एम-60 को सर्वोत्तम स्टॉकिंग (प्रथम), टीओटी-47 को द्वितीय स्थान तथा क्रय अनुभाग-04 एवं 06 को क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण का अवसर नहीं, बल्कि बरेका परिवार के समर्पण, उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का उत्सव है। उन्होंने बताया कि ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प को साकार करते हुए बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 लोकोमोटिव का निर्माण कर अब तक का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20% अधिक है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बरेका के कर्मठ एवं समर्पित कर्मचारी भविष्य में भी चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। साथ ही पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्हें अन्य साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
संपूर्ण कार्यक्रम की प्रस्तुति से प्रसन्न होकर महाप्रबंधक ने पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता,प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल,प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह,प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य,मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण,संयुक्त सचिव,कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव एवं अन्य सदस्य,एस. सी.- एस. टी. एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड के सदस्य, भारत स्काउट एंड गाइड के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लिपिक शैलेन्द्री द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी/मुख्यालय समीर पाल ने प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *