सोनभद्र।अंधविश्वास के नाम पर हैवानियत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। चोपन थाना क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण में सलखन निवासी एक तांत्रिक पर जनजातीय महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि झाड़-फूंक और भूत-प्रेत के डर का सहारा लेकर उसे लंबे समय तक शारीरिक और आर्थिक रूप से शोषित किया गया।पीड़िता के अनुसार, उसकी तबीयत खराब रहने पर परिजनों ने उसे तांत्रिक के पास पहुंचाया, जहां आरोपी ने उसे भूत-प्रेत के साये का डर दिखाकर अपने प्रभाव में ले लिया। अक्तूबर 2023 में धर्म स्थल पर बुलाकर हर 15 दिन में आने का दबाव बनाया गया और दिसंबर 2023 में धमकी व भय के बीच पहली बार दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी लगातार महिला को उसके पति के जीवन पर खतरे का डर दिखाकर शोषण करता रहा।झाड़-फूंक के नाम पर करीब 2 लाख 15 हजार रुपये भी ऐंठे गए। आरोप है कि अक्टूबर 2024 में पति की मौत के बाद भी आरोपी का अत्याचार नहीं रुका और वह धमकियों के सहारे महिला का शोषण करता रहा।मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट आबिद शमीम की अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए चोपन थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज कर क्षेत्राधिकारी से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुट गई है और पीड़िता को न्याय दिलाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
तांत्रिक पर महिला के शोषण का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
