सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जनपद के सभी चौकी प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर लंबित विवेचनाओं और IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो सके।बैठक में उन्होंने कहा कि IGRS पोर्टल पर आने वाली जनशिकायतों को बेहद गंभीरता से लिया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण निपटारा किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि हर प्रकरण में तथ्यों का गहन परीक्षण करते हुए विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखें और नियमित रूप से लंबित मामलों की समीक्षा कर उनकी प्रगति सुनिश्चित करें।पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने और बेहतर पुलिसिंग के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने विशेष रूप से जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने पर जोर दिया, ताकि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास बना रहे।
लंबित मामलों के निस्तारण पर पुलिस अधीक्षक सख्त, चौकी प्रभारियों को दी चेतावनी
