मानव संसाधन एवं सीएसआर गतिविधियों की व्यापक समीक्षा, विश्व स्वास्थ्य दिवस कार्यक्रम में सहभागिता
सोनभद्र ।सूर्य नारायण पाणिग्राही, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्र, एनटीपीसी लिमिटेड ने एनटीपीसी सिंगरौली का औपचारिक दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने मानव संसाधन तथा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित विविध गतिविधियों की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की।
अपने दौरे के दौरान पाणिग्राही ने प्रशासनिक भवन के सम्मेलन कक्ष में मानव संसाधन अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित कर संगठन की मानव संसाधन नीतियों, कर्मचारी कल्याण योजनाओं, प्रशिक्षण एवं विकास पहलों तथा कार्य-संस्कृति से जुड़े विभिन्न आयामों का समग्र मूल्यांकन किया।
उन्होंने विभिन्न समीक्षा बैठकों में वर्तमान व्यवस्थाओं की प्रगति का अवलोकन करते हुए उन्हें और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने हेतु आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किए। साथ ही, उन्होंने कार्यपालक संघ, यूनियन, युवा अधिकारियों तथा एसएमसी सदस्यों के साथ अलग-अलग संवाद सत्रों में सहभागिता करते हुए उनके विचारों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने परियोजना विस्तार से संबंधित गतिविधियों का भी जायजा लिया।
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए पाणिग्राही ने स्थानीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में एनटीपीसी सिंगरौली की भूमिका की सराहना की। उन्होंने सीएसआर गतिविधियों को और अधिक व्यापक, समावेशी एवं सतत विकासोन्मुख बनाने पर बल दिया। बालिका सशक्तिकरण के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय, लोझरा की 20 बालिकाओं को सभी विशिष्ट जनों के कर-कमलों द्वारा साइकिल वितरित की गई।
इसी क्रम में, 7 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर कर्मचारी विकास केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में भी श्री पाणिग्राही ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम में कर्मचारियों के स्वास्थ्य, फिटनेस एवं समग्र कल्याण को प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संदीप नायक, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वास्थ्य ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। एक स्वस्थ कर्मचारी ही संगठन की प्रगति का सशक्त आधार होता है। हमें न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहना चाहिए और संतुलित जीवनशैली अपनानी चाहिए।” उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं कार्य-जीवन संतुलन को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि पाणिग्राही ने अपने उद्बोधन में कहा कि “स्वस्थ जीवनशैली केवल व्यक्तिगत आवश्यकता नहीं, बल्कि संगठनात्मक सफलता का भी आधार है। एक स्वस्थ एवं ऊर्जावान कर्मचारी ही बेहतर उत्पादकता, सकारात्मक कार्य-संस्कृति एवं दीर्घकालिक उत्कृष्टता सुनिश्चित करता है। हमें अपने दैनिक जीवन में नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम तथा मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए।”
डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एनटीपीसी सिंगरौली ने अपने संबोधन में कहा कि “नियमित स्वास्थ्य जांच, तनाव प्रबंधन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाना आज के समय की अनिवार्यता है।
छोटी-छोटी स्वास्थ्य संबंधी सावधानियाँ हमें गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं।” उन्होंने कर्मचारियों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं फिटनेस को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सलाह दी।
दौरे के दौरान पाणिग्राही ने संगठन में पारदर्शिता, सहभागिता एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया। इस अवसर पर संदीप नायक, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, सूर्य नारायण पाणिग्राही, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), सी. एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) तथा रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना) द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
एनटीपीसी सिंगरौली प्रबंधन ने इस दौरे को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पाणिग्राही के मार्गदर्शन से मानव संसाधन प्रबंधन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में नई ऊर्जा एवं दिशा प्राप्त होगी।
