03 से 05 मार्च तक आयोजित आईटीबी बर्लिन में मनेगा 60 वर्षों की गौरवशाली विरासत का उत्सव

ITB बर्लिन-2026 की थीम ‘डिस्कवर द स्टोरीज बिहाइंड 60 इयर्स ऑफ लेगेसी’ होगी
एडवेंचर टूरिज्म, बिजनेस ट्रैवल, एलजीबीटीक्यू+ ट्रैवल, लग्जरी ट्रैवल, मेडिकल टूरिज्म सहित अन्य पर प्रदर्शनी
उ०प्र० पर्यटन के स्टॉल पर विभाग की वेबसाइट्स-मोबाइल एप्लीकेशन, पर्यटन सर्किट, वेलनेस टूरिज्म और ओडीओपी का प्रदर्शन
आईटीबी बर्लिन-2026 में दुनिया से संवाद करेगा उत्तर प्रदेश का पर्यटन विजन- जयवीर सिंह
लखनऊ। विश्व पर्यटन उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित मंच आईटीबी बर्लिन-2026 में उत्तर प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पर्यटन संभावनाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार है। आगामी 03 से 05 मार्च तक आयोजित ‘इंटरनेशनल टूरिज्म-बोर्से बर्लिन’ में पर्यटन विशेषज्ञों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के समक्ष उत्तर प्रदेश अपने विविध पर्यटन स्थलों, टूरिज्म सर्किट्स, वेलनेस और एडवेंचर टूरिज्म की झलक पेश करेगा।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘आईटीबी बर्लिन-2026′ का आयोजन बर्लिन एक्सपो सेंटर सिटी, मेसे डैम 22 में किया जाएगा। वर्ष 1966 से आईटीबी बर्लिन वैश्विक यात्रा एवं पर्यटन उद्योग के लिए एक अग्रणी मंच के रूप में स्थापित है। इस वर्ष यह अपने 60 वर्षों की गौरवशाली विरासत का उत्सव मनाने जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन अपने विजन के साथ दुनिया से संवाद करेगा।’
*आईटीबी बर्लिन-2026 की थीम*
‘इंटरनेशनल टूरिज्म-बोर्से बर्लिन (आईटीबी बर्लिन-2026)’ इस बार अपने 60 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाने जा रहा है। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि को रेखांकित करते हुए आईटीबी बर्लिन-2026 की थीम ‘डिस्कवर द स्टोरीज बिहाइंड 60 इयर्स ऑफ लेगेसी’ रखी गई है। यह वैश्विक पर्यटन उद्योग के विकास, नवाचार, साझेदारी सहित अन्य प्रेरक प्रसंगों को एक मंच पर सामने लाएगी। यह थीम अतीत की विरासत को सम्मान देते हुए भविष्य की रूपरेखा तय करता है।
*बदलती प्राथमिकताएं-उभरते रुझान*
आईटीबी बर्लिन-2026 में प्रदर्शनी के माध्यम से पर्यटन जगत की बदलती प्राथमिकताओं और उभरते रुझानों को प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी को भौगोलिक सीमाओं तक सीमित न रखकर एडवेंचर टूरिज्म, बिजनेस ट्रैवल, एलजीबीटीक्यू+ ट्रैवल, लग्जरी ट्रैवल, मेडिकल टूरिज्म तथा ट्रैवल टेक्नोलॉजी जैसे विविध बाजार खंडों में विभाजित किया गया है। इसका उद्देश्य हर प्रकार के यात्रियों और उद्योग से जुड़े हितधारकों को उनकी रुचि और जरूरत के अनुरूप अनुभव मिल सके।
*’वैश्विक मंच पर प्रदर्शित होंगी प्रदेश की पर्यटन संभावनाएं’*
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन में यूपी टूरिज्म भव्य पवेलियन के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करेगा। पवेलियन में साइनेज एवं डिस्प्ले अंग्रेजी एवं स्थानीय भाषा में होंगे। इसके अलावा, वीवीआईपी लाउंज, रचनात्मक सेटअप, हस्तशिल्प, कलाकृतियां एवं ओडीओपी (एक जनपद, एक उत्पाद) को प्रदर्शित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन की वेबसाइट्स एवं मोबाइल एप्लीकेशन को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे प्रदेश की पर्यटन क्षमता को वैश्विक मानचित्र पर नई मजबूती मिलेगी।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
