ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक सराहनीय पहल

औरैया।एनटीपीसी औरैया द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सी.एस.आर.) नीति के अंतर्गत 05 फरवरी, 2026 को परियोजना प्रभावित ग्रामों के मध्य ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता एनटीपीसी आवासीय परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस खेल मैदान में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में ग्राम जमुहा बनाम कैंजरी तथा द्वितीय चरण में ग्राम बैसुंधरा बनाम परवाहा के मध्य रोमांचक मुकाबले खेले गए। उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए बैसुंधरा एवं कैंजरी की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में बैसुंधरा पंचायत की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सीधे सेटों में जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि कैंजरी पंचायत की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि शुभाशीष गुहा, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी औरैया ने विजेता टीम को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है, और एनटीपीसी औरैया इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर एनटीपीसी औरैया के अपर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, चारों ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का सफल संचालन सुश्री सुचित्रा, कार्यपालक (सीएसआर–मानव संसाधन) द्वारा किया गया।
खेल भावना को प्रोत्साहित करने हेतु एनटीपीसी औरैया की ओर से सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को स्मृतिचिन्ह स्वरूप स्पोर्ट्स किट परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा द्वारा प्रदान की गई।
इस आयोजन ने न केवल ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, बल्कि क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता एवं खेल संस्कृति को भी सुदृढ़ किया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
