सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की जनसुनवाई की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं, जिन पर सुनवाई करते हुए सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और साइबर अपराध से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। इस दौरान महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, कानूनी सलाह के लिए 15100, एम्बुलेंस सेवाएं 102 और 108 पर संपर्क किया जा सकता है। जनसुनवाई में पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
