बेटी के लिए रिश्ता देखने निकला था पिता, लौटकर तीसरी पत्नी संग पहुंचा घर, महिला थाना तक पहुंचा मामला

सोनभद्र। जिले से एक अजब-गजब मामला सामने आया है, जिसने पूरे परिवार को हैरानी में डाल दिया। यहां एक व्यक्ति घर से यह कहकर निकला कि वह अपनी बेटी के लिए लड़का देखने जा रहा है, लेकिन कुछ दिन बाद जब वह वापस लौटा तो उसके साथ एक युवती मौजूद थी। बाद में खुलासा हुआ कि उसने बेटी के लिए रिश्ता देखने के बजाय खुद ही तीसरी शादी कर ली। यह मामला महिला थाना पुलिस तक पहुंच गया।महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र पहुंची दूसरी पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति ने करीब 20 साल पहले अपनी पहली पत्नी को मानसिक रूप से बीमार बताकर छोड़ दिया था। महिला ने बताया कि उसके पति से उसके पांच बच्चे हैं और तीन महीने पहले पति बेटी की शादी के लिए लड़का देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन अब तीसरी पत्नी को साथ लेकर लौट आए हैं। महिला ने सवाल उठाया कि अब वह और उसके बच्चे क्या करें।परिवार परामर्श केंद्र में यह मामला काफी जटिल साबित हुआ। परामर्शदाताओं और पुलिसकर्मियों को दोनों पक्षों की बात सुनकर काफी देर तक समाधान निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। दूसरी पत्नी ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने से इनकार किया, लेकिन इस पूरे मामले में कोई ठोस कार्रवाई चाहती थी। वहीं पति ने भी पत्नी पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए और दावा किया कि पत्नी के व्यवहार से परेशान होकर उसने तीसरी शादी की है।काफी देर चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों की सहमति से यह तय हुआ कि पति तीसरी पत्नी को अलग स्थान पर रखेगा। इस समझौते पर दोनों पक्ष राजी हो गए, जिसके बाद मामला शांत हुआ। महिला थाना पुलिस का कहना है कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य परिवारों में संवाद के जरिए विवाद सुलझाना है और इस मामले में भी आपसी सहमति से समाधान निकाला गया है।

NTPC
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *