राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) में 10 नवंबर, 2025 को विश्व गुणवत्ता सप्ताह-2025 के आयोजन की शुरुआत के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए, राउरकेला इस्पात सयंत्र के निदेशक प्रभारी सह अतिरिक्त प्रभार निदेशक प्रभारी, बोकारो स्टील प्लांट, आलोक वर्मा ने कहा, “गुणवत्ता मात्रा से ज़्यादा महत्वपूर्ण है। यह सिर्फ़ ज़्यादा काम करने के बारे में नहीं है, बल्कि हर काम को उत्कृष्टता और निरंतरता के साथ करने के बारे में है।” यह कार्यक्रम सयंत्र के मेन गेट के पास खूबसूरत ‘शिल्प कोणार्क’ एन्क्लेव के सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरण कॉर्नर में आयोजित किया गया था। इस मौके पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन), तरुण मिश्र, कार्यपालक निदेशक (एम् डी एवं सीएम्एलओ), बी के गिरि, कार्यपालक निदेशक (संकार्य), विश्व रंजन पलाई, कार्यपालक निदेशक (खान,ओजीओएम,सीएमएलओ), एम पी सिंह, और कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ), सुदीप पाल चौधरी कई मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी और इस्पात सयंत्र के कर्मचारी मौजूद थे। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए, श्री वर्मा ने आगे कहा, “एक गुणवत्ता वाला उत्पाद हमेशा ज़्यादा लोगों को पसंद आता है, भले ही उसकी कीमत ज़्यादा हो, क्योंकि उसका प्रदर्शन बेहतर होता है और वह ज़्यादा समय तक चलता है।” निदेशक प्रभारी ने आरएसपी के सभी लोगों से आपसी विश्वास को मज़बूत करने और हर काम में उत्कृष्टता हासिल करने का आग्रह किया, ताकि आरएसपी सबसे पसंदीदा विकल्प बन सके।
इससे पहले, निदेशक प्रभारी ने गुणवत्ता ध्वज फहराया। कर्मचारियों को उड़िया में श्री बिश्वरंजन पालाई, हिंदी में श्री एम पी सिंह और अंग्रेजी में तरुण मिश्र ने गुणवत्ता की शपथ दिलाई। निदेशक प्रभारी और अन्य गणमान्यों ने सप्ताह के आयोजन के उपलक्ष्य में पूर्वायोजित निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर प्रतियोगिताओं के निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएँ), आतिश चंद्र सरकार ने सभा का स्वागत किया, जबकि महाप्रबंधक प्रभारी (बीआई, आईईडी एवं एचए), आर के वर्मा ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित किया I उप प्रबंधक (बीई), सुश्री अदिति दास ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली पर पर्चे बांटे गए और सभी ने गुणवत्ता बैज लगाए।
