हजारीबाग। एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना के अंतर्गत संचालित माइनिंग एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (मैती) में आज प्रतिष्ठित एमआरएफ टायर कंपनी, हैदराबाद के लिए एक विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फिटर, वेल्डर और इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के कुल 50 आईटीआई प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया।

प्लेसमेंट प्रक्रिया के अंतर्गत एमआरएफ टायर कंपनी की अधिकृत भर्ती एजेंसी द्वारा प्रशिक्षार्थियों का साक्षात्कार लिया गया। कठोर चयन प्रक्रिया के उपरांत कुल 20 प्रतिभाशाली प्रशिक्षार्थियों का चयन एमआरएफ टायर कंपनी की हैदराबाद स्थित निर्माण इकाई में अप्रेंटिसशिप के लिए किया गया। चयनित छात्रों को नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम (NAPS) पोर्टल पर नामांकित किया गया है, और कंपनी की अधिकृत एजेंसी द्वारा उन्हें नियुक्त किया जाएगा।
इस अवसर पर एनटीपीसी मैती के प्राचार्य श्री मिथिलेश उपाध्याय ने चयनित प्रशिक्षार्थियों को बधाई दी और कहा कि इस तरह की औद्योगिक साझेदारियां न केवल प्रशिक्षार्थियों के करियर निर्माण में सहायक हैं, बल्कि उन्हें वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव भी प्रदान करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एनटीपीसी की यह पहल स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ आजीविका के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह आयोजन प्रशिक्षार्थियों के आत्मविश्वास को सशक्त बनाने के साथ-साथ मैती की कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका को भी रेखांकित करता है।
