सोनभद्र। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बागीश कुमार शुक्ला के निर्देश के क्रम में उप जिलाधिकारी जफर अहमद द्वारा नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर-6 में कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की मौके पर जांच की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता राजेश, जिनकी पत्नी सभासद हैं, की उपस्थिति में निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। मौके पर सीसी रोड के किनारे साइड वाल की जुड़ाई में सीमेंट एवं बालू के स्थान पर भस्सी (गिट्टी की धूल) का प्रयोग पाया गया। साथ ही सीसी रोड की ढलाई की निर्धारित 6 इंच ऊंचाई भी मौके पर कम पाई गई। निर्माण कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न पाए जाने पर तत्काल कार्य रुकवा दिया गया।
उप जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का अनुपालन न करने के संबंध में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत डाला के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह एवं संबंधित अवर अभियंता ओम तिवारी को निर्देशित किया गया कि आगे का निर्माण कार्य उनकी प्रत्यक्ष देखरेख में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ ही कराया जाए।
नगर पंचायत डाला में निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी, नोटिस जारी करने के निर्देश
