‘योगी की पाती’ केवल एक लेख या सरकारी संदेश नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग  के साथ आत्मीय संवाद का माध्यम – मुख्यमंत्री

Spread the love

मुख्यमंत्री ने ‘योगी की पाती’ काफी टेबल बुक का विमोचन और इस संवाद यात्रा पर आधारित एक प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया

‘

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल एक लेख अथवा सरकारी संदेश नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के साथ आत्मीय संवाद का माध्यम है। इसके माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, अन्नदाता किसानों, श्रमिकों और समाज के प्रत्येक महत्वपूर्ण तबके से जुड़े विषयों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों और सुविधाओं से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ काफी टेबल बुक के विमोचन और इस संवाद यात्रा पर आधारित एक प्रदर्शनी के वर्चुअल उद्घाटन अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मीडिया संस्थानों ने ‘योगी की पाती’ के विगत 50 संस्करणों को अपने समाचार पत्रों और विजुअल मीडिया में स्थान देकर इस आत्मीय संवाद को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सार्वजनिक जीवन में 28-29 वर्षों के अनुभव के दौरान उन्होंने महसूस किया कि समाज में ऐसे अनेक विषय और वर्ग हैं, जिनके बारे में आम नागरिकों को पर्याप्त जानकारी नहीं है। शासन की व्यस्तताओं के बीच भी यह विचार रहा कि उन अनछुए पहलुओं को सामान्य नागरिकों के सामने कैसे लाया जाए और समाज के उन लोगों से संवाद कैसे स्थापित किया जाए। इसी उद्देश्य से ‘योगी की पाती’ के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों और उनके जीवन से जुड़े वास्तविक विषयों को स्थान देने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया परिवारों ने उन्हें बताया था कि उनकी बस्तियां जनपद महराजगंज के 18 गांवों, गोरखपुर के 05 गांवों तथा सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत सहित अन्य जनपदों में भी हैं। इन परिवारों की स्थिति और उनके अधिकारों का विषय लेकर उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से मुलाकात की और वन अधिनियम में संशोधन की आवश्यकता बताई। उस समय यह प्रश्न उठा कि इन परिवारों के लम्बे समय से वहां रहने का प्रमाण क्या है। उन्होंने प्राकृतिक वन और कृत्रिम रूप से लगाए गए वन के बीच अन्तर समझाते हुए कहा कि पेड़ों की आयु और उनके लगाए जाने की पद्धति से यह पता लगाया जा सकता है कि वे कितने पुराने हैं। यदि पेड़ों की आयु 75 से 100 वर्ष अथवा उससे अधिक है, तो यह प्रमाण है कि वहां उनके पूर्वजों ने उन्हें लगाया था और परिवार लम्बे समय से वहां निवास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मण्डल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय इन्सेफेलाइटिस से होने वाली मौतों को कई बार अज्ञात बीमारी बताकर छोड़ दिया जाता था। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि जब मेडिकल साइंस इतना आगे बढ़ चुका है, तब बीमारी को अज्ञात बताने के बजाय उसके लक्षणों के आधार पर बच्चों का उपचार सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जब उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, तब इन्सेफेलाइटिस के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया गया। आज इस बीमारी से बच्चों की मृत्यु पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। यह किसी पर उपकार नहीं, बल्कि शासन का दायित्व है कि वह प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध कराए। एक ओर पहले व्यवस्था की संवेदनहीनता के कारण बच्चे पीड़ित होते थे, वहीं दूसरी ओर आज शासन की संवेदनशीलता से उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ के माध्यम से शासन और आमजन के बीच आत्मीय संवाद को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने समाचार पत्रों, विजुअल मीडिया, वरिष्ठ सम्पादकों, रिपोर्टर्स तथा सूचना विभाग के अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मीडिया के सहयोग से यह संवाद निरन्तर आगे बढ़ेगा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी पहुंचती रहेगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, निदेशक सूचना विशाल सिंह, अपर निदेशक सूचना श्री अरविन्द मिश्र, दैनिक जागरण के राज्य सम्पादक आशुतोष शुक्ला, अमर उजाला के सम्पादक विजय त्रिपाठी, टाइम्स ऑफ इण्डिया के स्थानीय सम्पादक प्रवीण कुमार, हिन्दुस्तान के स्थानीय सम्पादक सुनील द्विवेदी, हिन्दुस्तान टाइम्स के स्थानीय सम्पादक प्रांशु मिश्रा, नवभारत टाइम्स के सम्पादक मनीष श्रीवास्तव, इण्डियन एक्सप्रेस के उपेन्द्र पाण्डेय, न्यू इण्डियन एक्सप्रेस की सुश्री नमिता वाजपेयी तथा राजीव ओझा, अजीत सिंह सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े सम्पादक, सह-सम्पादक, वरिष्ठ पत्रकार, रिपोर्टर्स तथा सूचना विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *