विगत 05 वर्षों में 500 से अधिक खिलाड़ियों को उ0प्र0 पुलिस बल का हिस्सा बनाया – योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का शुभारम्भ किया

प्रधानमंत्री जी ने देश में एक नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया : मुख्यमंत्री

सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमें स्वस्थ भारत चाहिए, स्वस्थ भारत के लिए खेलकूद की गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक

प्रतियोगिता में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों की 75 टीमें व 1,341 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे, इनमें 336 महिला खिलाड़ी शामिल

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमें स्वस्थ भारत चाहिए और स्वस्थ भारत के लिए खेलकूद की गतिविधियों को प्रत्येक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। इसीलिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश में एक नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है। खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया मूवमेण्ट या देश में प्रत्येक जनपद में खोले गए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इण्डिया के सेण्टर इस बात के उदाहरण हैं। इसके दृष्टिगत प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है, जिसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों की 75 टीमें सहभागी बन रही है।
मुख्यमंत्री आज यहां शहीद चन्द्रशेखर आजाद क्रीड़ा संकुल, 35वीं वाहिनी पी0ए0सी0 में आयोजित प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 (हैण्डबॉल/बास्केटबॉल) का उद्घाटन करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्चपास्ट किया गया। मुख्यमंत्री ने उनका मान-प्रणाम स्वीकार किया। महिला आरक्षी सुश्री बरखा सोनकर ने मुख्यमंत्री को मशाल सौंपी। मुख्यमंत्री जी द्वारा मशाल आरक्षी विक्रान्त सिंह को सौंपी गयी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक स्मारिका का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल व खेलकूद की गतिविधियां प्राचीनकाल से ही भारत के जीवन का हिस्सा रही हैं। भारतीय मनीषा ने कहा है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्’ अर्थात धर्म के जितने भी साधन है, उनकी पूर्ति एक स्वस्थ शरीर से ही सम्भव है। स्वस्थ शरीर में ही एक स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से अगले 04 दिनों तक प्रथम अखिल भारतीय पुलिस हैण्डबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता 2024-25 का आयोजन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किया जा रहा है। इसमें केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों व राज्य पुलिस बलों से जुड़ी 75 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। कुल 1,341 खिलाड़ी इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 336 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री जी ने क्लस्टर प्रतियोगिता के उत्तर प्रदेश में आयोजन करने के लिए प्रधानमंत्री जी तथा केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह खेल के महाकुम्भ जैसा है। सुदूर मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों की टीमें इस आयोजन का हिस्सा बन रही हैं और इसे एक नई ऊँचाई तक पहुंचाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रही हैं। खेल और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए देश ने एक नई खेल संस्कृति को आगे बढ़ाया है। इसी का परिणाम है कि आज खेलकूद भी व्यक्ति के जीवन को सजाने और संवारने का एक माध्यम बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जूडो खिलाड़ी विजय कुमार यादव तथा कुश्ती खिलाड़ी सुश्री दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार, कैनो स्प्रिंट खिलाड़ी श्री अर्जुन सिंह को यात्रीकर अधिकारी, एथलेटिक्स खिलाड़ी सुश्री प्राची एवं रोइंग खिलाड़ी पुनीत कुमार को जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल अधिकारी के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। हॉकी खिलाड़ी राज कुमार पाल की पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्ति की कार्यवाही वर्तमान में प्रचलित है।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री संजय निषाद, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, ए0डी0जी0 पी0ए0सी0 सुजीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं विभिन्न राज्यों के विभिन्न पुलिस बलों के प्रतिभागी खिलाड़ी उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *