15 से 21 जून तक प्रदेश के सभी आयुष महाविद्यालयों में होंगी विविध प्रतियोगिताएं
लखनऊ। 12वीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर कल 15 जून को मध्यान्ह 12 बजे राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, टुडियागंज, लखनऊ के महर्षि चरक सभागार में योग सप्ताह का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ होंगे।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार, आयुष महानिदेशक चैत्रा वी. (आई.ए.एस.) एवं आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी के निदेशकों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तैयार किए गए पोर्टल http://kavach.upayush.in पर विभिन्न प्रकार की ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी छात्र-छात्राएं, चिकित्सक, योग प्रदर्शक एवं जन सामान्य प्रतिभाग कर सकते हैं।
निदेशक डॉ. नारायण दास ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर राजकीय आयुर्वेद कॉलेज, टुडियागंज लखनऊ एवं समस्त 19 राजकीय आयुष महाविद्यालयों तथा निजी आयुष महाविद्यालयों में दिनांक 15 जून से 21 जून तक विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, आशु भाषण प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं योग पर सेमिनार का आयोजन प्रतिदिन किया जाएगा।
महाविद्यालय परिसर में प्रतिदिन सभी कर्मचारी, शिक्षकों, चिकित्सकों, छात्र-छात्राओं द्वारा प्रातः काल 6:30 बजे से सामूहिक योगाभ्यास भी किया जाएगा। 21 जून को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सभी लोगों को जुड़ने के लिए आह्वान किया गया है।
