पटना। एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय, पटना में राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह-2026 के तहत शुक्रवार को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार पुलिस की साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट के पुलिस महानिरीक्षक रंजीत कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है। व्यक्तिगत और पेशेवर डिजिटल सूचनाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना समय की मांग है।

एनटीपीसी कर्मचारियों के लिए ‘बिल्ड अ कल्चर ऑफ साइबर हाइजीन’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में दिल्ली के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ शशांक गरुड़यार ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने मजबूत पासवर्ड के इस्तेमाल, संदिग्ध लिंक और ई-मेल से बचने तथा संवेदनशील सूचनाओं को सुरक्षित रखने जैसे उपायों के बारे में बताया। साथ ही, साइबर स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।
संविदा सहयोगियों के लिए भी साइबर सुरक्षा पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित इस्तेमाल करने और संभावित साइबर जोखिमों से बचने के उपाय बताए गए। वहीं, कर्मचारियों के परिजनों के लिए सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने, गोपनीयता सेटिंग्स का सही इस्तेमाल करने, फर्जी प्रोफाइल की पहचान करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों एवं उनके परिजनों में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की आदत विकसित करना और कार्य-संस्कृति में साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय के उप महाप्रबंधक (सूचना प्रौद्योगिकी) प्रभंजन कुमार झा ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन सेवाएँ) श्रीकांत केरहालकर, उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चन्दन सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
