भदोही, । सरकारी आवास योजनाओं ने जिले के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी झोपड़ी और मिट्टी के घर में रहने को मजबूर रहे तीन परिवारों को अब पक्का और सुरक्षित आशियाना मिल गया है। आवास मिलने के बाद इनके लिए बरसात और मौसम की मार से राहत के साथ ही सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत हुई है।
भदोही विकास खंड के जमुना परसीपुर गांव की इन्दू देवी पत्नी राकेश कुमार को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ मिला। इससे पहले उनका परिवार झोपड़ी में रहता था। पक्का घर मिलने के बाद परिवार को सुरक्षित छत मिली। इन्दू देवी ने योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। अभोली विकास खंड की गुड़िया देवी पत्नी लालू प्रसाद को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्का मकान मिला है। मिट्टी के घर में रहने वाले परिवार को अब सुरक्षित आशियाना मिल गया है। गुड़िया देवी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आवास मिलने से परिवार की मुश्किलें कम हुई हैं।
इसी तरह औराई विकास खंड के नरायनपुर गांव की सरेखा देवी पत्नी स्व. पारस नाथ बिन्द को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ मिला। मिट्टी के घर में रहने वाली सरेखा देवी को अब पक्का और सुरक्षित घर मिल गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पक्की छत मिलने से जीवन में बड़ा बदलाव आया है। सरकारी आवास योजनाओं ने इन परिवारों को सिर्फ पक्की छत ही नहीं दी, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी दी है।
