प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों पर ग्रामीणों की मुहर : दिघुल, बघाडू ग्राम पंचायतों में खुली बैठक आयोजित

Spread the love

दुद्धी। (जी.जी.न्यूज) प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत तैयार की गई पात्र लाभार्थियों की सूची के अनुमोदन के लिए गुरुवार को विकास खंड क्षेत्र की दो ग्राम पंचायतों में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति के बीच पात्र लाभार्थियों की सूची पढ़कर सुनाई गई, जिस पर ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति प्रदान करते हुए अनुमोदन किया। ब्लॉक क्षेत्र की बघाडू, दिघुल ग्राम पंचायतों में आयोजित बैठकों की अध्यक्षता संबंधित प्रशासक बनाए गए ग्राम प्रधानों ने की। इस दौरान ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों के समक्ष प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चयनित लाभार्थियों की सूची प्रस्तुत की। सूची में शामिल नामों को एक-एक कर पढ़कर सुनाया गया तथा ग्रामीणों से उनकी राय ली गई। चर्चा के बाद ग्रामीणों ने सूची को सही बताते हुए उस पर अपनी सहमति जताई। बैठक में मौजूद ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इसलिए लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यदि किसी वास्तविक पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल होने से छूट गया है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक संशोधन कराया जाएगा। सचिव सुरेंद्र कुमार ने बताया कि खुली बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करना और लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मौजूदगी में सूची का अनुमोदन होने से चयन प्रक्रिया पर विश्वास बढ़ता है और वास्तविक जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है।बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भी योजना के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि खुली बैठक के माध्यम से सभी को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और पात्रता को लेकर किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं रहती। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अब्दुल्ला अंसारी, जगत नारायण सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। तीनों ग्राम पंचायतों में आयोजित बैठकों में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *