डिबुलगंज में युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, इलाके में दहशत

Spread the love

सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डिबुलगंज से एक सनसनीखेज और डराने वाली घटना सामने आई है, जहां दो गुटों के बीच हुई जमकर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कई युवक एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं। आरोप है कि दबंग युवकों ने पीड़ित युवक को अज्ञात नंबर से फोन कर घर के बाहर बुलाया और बाहर निकलते ही उस पर हमला बोल दिया।इस हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उसके चांदी के आभूषण भी छीन लिए। घटना के बाद किसी तरह होश में आने पर पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित ने नामजद युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि क्षेत्र में अमन-चैन बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मामला अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *