‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नियामताबाद में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विधायक और जिलाधिकारी रहे शामिल

Spread the love

देशभक्ति के जज्बे को घर-घर तक पहुँचाना ही उद्देश्य – विधायक रमेश जायसवाल

चन्दौली। आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत संचालित राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत नियामताबाद डीसीआरबी परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई।   विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की संयुक्त अध्यक्षता एवं गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने डीसीआरबी परिसर से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा परिसर से प्रारंभ होकर स्थानीय बाजार से गुजरती हुई वापस संपन्न हुई। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। 

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक ने कहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करना तथा हमारे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व गर्व की अनुभूति कराना है। यह अभियान हमें उन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है जिनकी वजह से आज हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं। मेरी जिले के समस्त निवासियों से अपील है कि वे अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराएं और इस राष्ट्रीय पर्व को उत्सव के रूप में मनाएं। विधायक रमेश जायसवाल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। तिरंगा हमारी आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। आज जब हम इस यात्रा के माध्यम से बाजार और गलियों से गुजरते हैं, तो लोगों का उत्साह देखने लायक होता है। यह आयोजन हमारी भावी पीढ़ी को देश की संप्रभुता और अखंडता के प्रति जागरूक करने का एक अद्भुत माध्यम है। विभिन्न विद्यालय के छात्रों ने राष्ट्रभक्ति गीत, राष्ट्रभक्ति गीत एवं नित्य,नित्य कविता पाठ के माध्यम से लोगों को राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत जवानों का माला पहनाकर अंग वस्त्र दिया गया। एवं कुशलक्षेम जाना। नियामताबाद डीसीआरबी परिसर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ लेने के लिए प्रक्रिया भी बताई गई।  इस अवसर पर मुख्य रूप से मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला पंचायत राज अधिकारी, डीसी नरेगा, संबंधित ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा भारी संख्या में सम्मानित नागरिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *