ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत  रेलवे सुरक्षा बल ने 15 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा

Spread the love

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा 15 वर्षीय बच्चे को ट्रेन से सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्पलाइन प्रयागराज को सुपुर्द किया।  मंडल कंट्रोल प्रयागराज को हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 13697 दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस के कोच संख्या D-8 में एक बच्चा गुमशुम अवस्था मे बैठा है। सूचना पर रैक सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार गौड़ को तत्काल अवगत कराया गया।

गाड़ी के सूबेदारगंज स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर रात्रि 23:25 बजे पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों द्वारा संबंधित कोच को अटेंड किया गया, जहां बच्चा सुरक्षित मिला। बच्चे को ट्रेन से उतारकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सूबेदारगंज लाया गया। पूछताछ में बच्चे ने अपना निवास कैमूर, बिहार बताया। बच्चे ने बताया कि वह घर से नाराज होकर नई दिल्ली में अपने बड़े पापा के पास जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। मामले की सूचना संबंधित थाना एवं चाइल्ड हेल्पलाइन प्रयागराज को दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन के रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सूबेदारगंज पहुंचने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए बच्चे को सहायक उप निरीक्षक राजेश यादव द्वारा कांस्टेबल शिव प्रकाश की मौजूदगी में सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन प्रयागराज को सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उचित देखरेख एवं संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *