पुलिस प्रशासन सहित स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गये
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव में गुरुवार की दोपहर टायर फटने से अनियंत्रित हुआ ट्रेलर बाइक सवार को रौंदते हुए सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से टकरा गया। इससे दोनों ट्रेलर में आग लग गई। दोनों वाहनों के एक चालक और एक खलासी जिंदा जल गए। घटना में दो लोगों की मौत हो गई।
एक गंभीर रूप से घायल है, पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस ने वाहनों को किनारे कर यातायात बहाल कर दिया। शवों की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के लोगों ने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड व पुलिस की टीम ने रेस्क्यू कर दोनों ट्रेलर में जिंदा जल गए उनके चालक व खलासी को बाहर निकाल दोनों की पहचान करने की कोशिश की गई लेकिन शाम तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी ।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा पुलिस क्षेत्र अधिकारी रणधीर मिश्रा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को किनारे कर आवागमन बहाल कर दिया । घटना में घायल बाइक सवार को जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि टायर फटने से यह घटना हुई है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
