चोपन (सोनभद्र)। सोनभद्र में सोन नदी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। चोपन थाना क्षेत्र के सोन नदी छठ घाट पर नहाने के दौरान राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला ट्रक चालक जितेंद्र डूब गया। घटना उस समय हुई जब वह अपने साथियों के साथ नदी में नहा रहा था और उसकी चप्पल पानी में बहने लगी। चप्पल को बचाने के प्रयास में वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में समा गया।बताया जा रहा है कि जितेंद्र छत्तीसगढ़ की ओर टाइल्स लेकर जा रहा था। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर मारकुंडी इलाके में उसका ट्रक खराब हो गया था, जिसके बाद वह अपने साथियों के साथ करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित सोन नदी छठ घाट पर नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान अचानक चप्पल बहने लगी और उसे पकड़ने के प्रयास में वह संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं एसडीआरएफ टीम को भी सूचना देने की तैयारी की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द युवक का पता लगाया जा सके।
सोन नदी में नहाने उतरा ट्रक चालक डूबा, चप्पल बचाने के प्रयास में गहरे पानी में समाया युवक
