जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की समस्या को लेकर व्यापारियों ने एसडीएम से लगाई गुहार

Spread the love

व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता ने उठाई व्यापारियों की आवाज

रेनुकूट (सोनभद्र)। रेनुकूट व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी दुद्धी/पिपरी को ज्ञापन सौंपकर रेनुकूट बाजार के व्यापारियों एवं उनके परिवारों के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की। व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता ने कहा कि रेनुकूट बाजार में लगभग 10 से 12 हजार व्यापारी अपने परिवारों के साथ वर्षों से निवास कर रहे हैं। बाजार का अधिकांश हिस्सा नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल न होने के कारण व्यापारियों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। इसके चलते शासकीय कार्यों, शैक्षणिक प्रवेश, बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यापारी लंबे समय से रेनुकूट में रहकर क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती देने के साथ-साथ लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन आज भी वे मूलभूत नागरिक सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शासन की सरल व्यवस्था के तहत व्यापारियों एवं उनके परिवारों के जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई एवं उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। व्यापार मंडल की ओर से प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान कर व्यापारियों को राहत दिलाने की अपेक्षा जताई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *