प्रयागराज से नई दिल्ली ग़ाज़ियाबाद, नोएडा के बीच चलने वाली ट्रेन अब सप्ताह में 3 दिन नारायणपुर बाज़ार स्टेशन से चलेगी 

Spread the love

उत्तरी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए सीधा संपर्क: नारायणपुर बाजार और आसपास के ग्रामीण व सीमावर्ती क्षेत्रों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब सीधे ट्रेन की सुविधा मिलेगी*

  प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने रेल यात्रियों की सुविधा और त्योहारी सीजन में अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 02417/02418 (प्रयागराज- दादरी) स्पेशल ट्रेन के विस्तार का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह ट्रेन अब नारायणपुर बाजार तक सप्ताह में 3 दिन विस्तारित कर चलाई जाएगी। संशोधित व्यवस्था के अनुसार, अब यह सेवा प्रयागराज और दादरी के बीच (02417/02418) सप्ताह में 4 दिन तथा नारायणपुर बाजार और दादरी के बीच (04163/04164) सप्ताह में 3 दिन संचालित होगी। 

ज्ञात हो कि नारायणपुर बाज़ार स्टेशन वाराणसी शहर के बाहरी क्षेत्रों को जोड़ने वाला मुख्य स्टेशन है। इस स्टेशन से ट्रेन के संचालित होने से न केवल गंगा पार के रामनगर, टेंगरा मोड़, रसूलगंज, बीएचयू, जिवनाथपुर के निवासियों को लाभ होगा बल्कि अहरौरा, मधुपुर, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र, चोपन के लोग भी दिल्ली जाने के लिए अपने इस स्टेशन से ट्रेन पकड़ सकेंगे।

इस सुविधा के मिलने से Seats on Demand की भारत सरकार के commitment को भी बल प्राप्त होगा। इस ट्रेन का स्टॉपेज चुनार एवं मीरजापुर होने से मध्य प्रदेश की सीमा तक के इलाक़े के लोगों को दिल्ली जाने के लिए इस ट्रेन में सीट्स आसानी से मिल जायेंगी । इस ट्रेन के मेजा रोड में स्टॉपेज प्रारंभ होने से माँडा, सिरसा, कोरावं, भीरपुर के यात्रियों को सुविधा प्राप्त होगी।

उत्तर मध्य रेलवे ने आने वाले त्योहारी सीज़न- दशहरा, दिवाली एवं छठ के दौरान होने वाली यात्रियों की भीड़ के दृष्टिगत इस ट्रेन को नारायणपुर बाज़ार तक विस्तारित किया है। इसके अतिरिक्त नवरात्रि पूजा के दौरान माता विन्ध्य वसिनी देवी के दर्शन हेतु भी श्रद्धालु गण इस ट्रेन का लाभ ले सकेंगे। 21 कोच (जिनमें 02 एसएलआर, 05 सामान्य, 10 स्लीपर, 03 एसी तृतीय तथा 01 एसी प्रथम सह द्वितीय) वाली इस ट्रेन में ऐसी, स्लीपर एवं जनरल क्लास सभी तरह के कोच लगाए गए हैं।

ट्रेन संचालन में विस्तार का विवरण निम्नवत है- 

• गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज–दादरी सुपरफास्ट विशेष-

गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज–दादरी सुपरफास्ट विशेष सप्ताह में 04 दिन रविवार, सोमवार,  गुरुवार एवं शुक्रवार को प्रयागराज से संचालित होगी। इस गाड़ी के प्रयागराज से 15 अक्टूबर 2026  से 13 दिसंबर 2026 तक कुल 35 फेरे होंगे।

• गाड़ी संख्या 02418 दादरी–प्रयागराज सुपरफास्ट विशेष-

वापसी में गाड़ी संख्या 02418 दादरी–प्रयागराज सुपरफास्ट विशेष सप्ताह में 04 दिन बुधवार,  गुरुवार, शनिवार एवं रविवार को दादरी से संचालित होगी। इस गाड़ी के दादरी से 17 अक्टूबर  2026 से 17 दिसंबर 2026 तक कुल 36 फेरे होंगे।

• गाड़ी संख्या 04163 नारायणपुर बाजार–दादरी सुपरफास्ट विशेष-

गाड़ी संख्या 04163 नारायणपुर बाजार–दादरी सुपरफास्ट विशेष सप्ताह में 03 दिन मंगलवार,  बुधवार एवं शनिवार को नारायणपुर बाजार से संचालित होगी। इस गाड़ी के नारायणपुर बाजार से 17  अक्टूबर 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक कुल 26 फेरे होंगे।

• गाड़ी संख्या 04164 दादरी–नारायणपुर बाजार सुपरफास्ट विशेष-

गाड़ी संख्या 04164 दादरी–नारायणपुर बाजार सुपरफास्ट विशेष सप्ताह में 03 दिन सोमवार, मंगलवार एवं शुक्रवार को दादरी से संचालित होगी। इस गाड़ी के दादरी से 16 अक्टूबर 2026 से 14 दिसंबर 2026 तक कुल 26 फेरे होंगे।

गाड़ी संख्या 02417 (प्रयागराज से दादरी) दिनांक 15.10.2026 से 13.12.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक रविवार, सोमवार, गुरुवार एवं शुक्रवार को रात 21:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 07:15 बजे दादरी  पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02418 (दादरी से प्रयागराज) दिनांक 17.10.2026 से 17.12.2026 तक प्रत्येक बुधवार, गुरुवार, शनिवार एवं रविवार को रात 22:15 बजे दादरी स्टेशन से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 09:00 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। (इस गाड़ी के प्रयागराज से दादरी के समय में कोई परिवर्तन नहीं होगा)

वहीं, विस्तारित मार्ग पर गाड़ी संख्या 04163 (नारायणपुर बाजार से दादरी) दिनांक 17.10.2026 से 15.12.2026 तक प्रत्येक मंगलवार, बुधवार एवं शनिवार को नारायणपुर बाजार से शाम 18:00 बजे प्रस्थान कर, चुनार (18:15/18:17), मिर्जापुर (19:03/19:05), मेजा (19:48/19:50) एवं प्रयागराज (20:40/21:00) होते हुए अगले दिन सुबह 07:15 बजे दादरी पहुंचेगी। 

इसके विपरीत दिशा में गाड़ी संख्या 04164 दादरी से नारायणपुर बाजार दिनांक 16.10.2026 से 14.12.2026 तक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार एवं शुक्रवार को दादरी से रात 22:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह प्रयागराज (08:20/08:40), मेजा (09:18/09:20) मिर्जापुर (09:58/10:00) एवं चुनार (10:23/10:25), होते हुए सुबह 11:05 बजे नारायणपुर बाजार पहुंचेगी। 

इस ट्रेन के अतिरिक्त भी और भी गाड़ियों के नारायणपुर बाज़ार तक विस्तारित करने की योजना बनायी जा रही है जिससे बनारस, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही एवं प्रयागराज ग्रामीण के इलाक़ों के लोगों के लिए ट्रेन की सुविधा एवं Seats on Demand की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

(नोट: ट्रेन 02417/02418 पूर्व निर्धारित दिनों-मंगलवार, बुधवार और शनिवार को प्रयागराज से तथा सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को दादरी से निरस्त रहेगी और इन दिनों में 04163/04164 के रूप में नारायणपुर बाजार तक संचालित होगी।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *