देश कभी विस्मृत नहीं कर सकता आयरन लेडी श्रीमती इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक योगदान और उनकी महान शहादत को 

Spread the love

वाराणसी।  देश की पूर्व प्रधानमंत्री, लौह महिला एवं भारत की सशक्त नेतृत्वकर्ता स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी के ऐतिहासिक योगदान, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को यह देश और उसकी जनता कभी विस्मृत नहीं कर सकती। उनके विरुद्ध कितने ही षड्यंत्र क्यों न रचे जाएं और उनके योगदान को इतिहास के पन्नों से मिटाने के कितने ही प्रयास क्यों न हों, उनका नाम एक महान राष्ट्रनेता और अमर बलिदानी के रूप में इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।

उक्त विचार आज ईंगलिसियालाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी फाउंडेशन के कार्यालय में श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी जी वास्तव में अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और असाधारण राजनीतिक दूरदर्शिता की प्रतीक थीं। उन्होंने बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर बैंकिंग व्यवस्था के द्वार आम जनता के लिए खोले तथा ‘गरीबी हटाओ’ के संकल्प और बीस सूत्रीय कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन एवं देश के विकास को नई दिशा प्रदान की। पाकिस्तान द्वारा देश के समक्ष प्रस्तुत युद्ध की चुनौती का उन्होंने जिस दृढ़ता और साहस के साथ सामना किया, वह भारतीय इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है। उनके नेतृत्व में 1971 के युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय हुई और बांग्लादेश के रूप में एक नए राष्ट्र का उदय हुआ।

वक्ताओं ने आगे कहा कि इंदिरा जी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक का उत्सर्ग कर दिया। राष्ट्र के प्रति ऐसा त्याग, समर्पण और बलिदान विरले ही देखने को मिलता है। भारतीय राजनीति की इस असाधारण एवं ऐतिहासिक शख्सियत के योगदान को यदि आने वाली पीढ़ियां विस्मृत करने का प्रयास करेंगी, तो इतिहास उन्हें कभी क्षमा नहीं करेगा। दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज सत्ता के शीर्ष पर बैठे कुछ नेता अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के चलते इंदिरा जी जैसी विराट राष्ट्रीय विभूति के योगदान को कमतर आंकने का प्रयास करते दिखाई देते हैं। किंतु इतिहास में दर्ज उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चमक को ऐसे प्रयास कभी धूमिल नहीं कर सकते।

विचार गोष्ठी की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व सिंचाई आयोग अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता पंडित विजय शंकर पाण्डेय ने की तथा संचालन फाउंडेशन के सचिव श्री बैजनाथ सिंह ने किया। विचार व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता श्री राधेलाल जी, अधिवक्ता भूपेंद्र प्रताप सिंह, आनंद सिंह, विजय कृष्ण राय ‘अन्नू’, मनोज चौबे, आनंद मिश्रा, वैभव त्रिपाठी, ब्रह्मदेव मिश्रा, पुनीत मिश्र, महेंद्र चौहान, कमलाकांत पांडेय, अधिवक्ता पंकज मिश्रा, अशोक कुमार पांडेय, युवराज पांडेय, पिंटू शेख आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *