बभनी, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनरुटोला गांव के पास शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में मातम छा गया।

मृतक की पहचान विंदेश्वर (32 वर्ष) पुत्र रामपति के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने छोटे भाई को छोड़ने के बाद देर रात बाइक से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह मनरुटोला के पास पहुंचा, बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी बेसुध हो गई, जबकि चार छोटे-छोटे बच्चे अपने पिता को पुकारते रहे। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।सूचना पर पहुंची बभनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
