एनसीएल में ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का हुआ समापन

Spread the love

स्वच्छता साथियों का सम्मान, विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं फलदार पौधों का हुआ वितरण

सिंगरौली नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में मंगलवार को ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का समापन समारोह आयोजित किया गया। 16 जून से 30 जून तक आयोजित इस पखवाड़े के दौरान कंपनी में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर विभिन्न जन-जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए।

एनसीएल मुख्यालय में आयोजित समापन समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी एवं स्वच्छता साथी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं  में  केंद्रीय विद्यालय सिंगरौली व सरस्वती शिशु मंदिर के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही एनसीएल परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता साथियों का सम्मान किया गया तथा उन्हें रेनकोट वितरित किए गए।

समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक पहल के तहत संविदा कर्मियों सहित सभी कर्मियों को फलदार पौधों के वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत कुल 2,500 फलदार पौधों का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, एकल-उपयोग प्लास्टिक की बोतलों के उपयोग को हतोत्साहित करने हेतु एनसीएल मुख्यालय के सभी कर्मियों को स्टील की पानी की बोतलें भी वितरित की गईं।

एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के समापन अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *