म्योरपुर विकास खंड में समर कैंप शुरू, बच्चों में आत्मविश्वास और जीवन कौशल विकास पर जोर

Spread the love

रेणुकूट l म्योरपुर विकास खंड के विभिन्न विद्यालयों में 21 मई से 15 जून तक तीन सप्ताह का समर कैंप शुरू हो गया है। इस शिविर में कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, जीवन कौशल और रचनात्मक क्षमताओं का विकास करना है।

कम्पोजिट विद्यालय बभनडीहा में कैंप के दूसरे दिन प्रभारी प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को हस्तशिल्प की कला सिखाई। बच्चों ने मिट्टी और कागज से खिलौने, बर्तन, फूल और यातायात के साधन बनाए। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने कर्मा नृत्य प्रस्तुत किया और लोककथाओं का वाचन कर सांस्कृतिक समृद्धि का परिचय दिया।

खेलकूद में बच्चों ने कैरम, लूडो, शतरंज और क्रिकेट जैसे खेलों का आनंद उठाया। खैराही, काचन, वनमहरी, सोनवानी और कुदरी जैसे विद्यालयों में भी उत्साहपूर्वक शिविर का आयोजन हुआ।

विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए आवश्यक हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक, शिक्षा मित्र और अनुदेशकों की अहम भूमिका रही। समर कैंप का आयोजन अपर मुख्य सचिव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र के निर्देश तथा खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *