स्टाम्प मंत्री ने लहरतारा में किया जनसमस्याओं का स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

जलजमाव व सीवर ओवरफ्लो के शीघ्र समाधान के दिये निर्देश

वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा वार्ड में रविवार को जनसमस्याओं के समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के बाद आमजन को आवागमन में हो रही परेशानियों के साथ ही सीवर ओवरफ्लो, जलजमाव एवं पेयजल से जुड़ी समस्याओं का उन्होंने जायजा लिया। 

      निरीक्षण के दौरान मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने लहरतारा चौराहा, बौलिया तथा फुलवरिया फोरलेन के नीचे सर्विस रोड बनाए जाने की आवश्यकता का भी स्थलीय निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से अवगत कराया। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए साथ रहे संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह एवं जलकल सचिव सुधीर कुमार को निर्देशित किया कि जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो तथा आवागमन को सुगम बनाने से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।  इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता, संतोष गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *