डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम जी की पुण्यतिथि पर विशेष आयोजन: मदरसों में होगी विज्ञान प्रदर्शनी और संगोष्ठी

Spread the love

*छात्रों में वैज्ञानिक सोच और राष्ट्रभक्ति को मिलेगा बढ़ावा*

*कलाम साहब की स्मृति को समर्पित होगी अल्पसंख्यक विभाग की पहल- दानिश आजाद अंसारी*

लखनऊ: भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और युवाओं के प्रेरणास्त्रोत भारत रत्न डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम जी की पुण्यतिथि 27 जुलाई को पूरे देश में श्रद्धापूर्वक मनाई जाती है। इस अवसर को विशेष रूप से यादगार और प्रेरणादायक बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के समस्त मदरसों में विशेष कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया गया है।

राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों में 27 जुलाई, 2025 को विज्ञान प्रदर्शनी तथा डॉ. कलाम के विचारों और योगदान पर आधारित संगोष्ठियों का आयोजन किया जाए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं में शिक्षा, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, वैज्ञानिक उपलब्धियां और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे में उनका स्मरण और उनके विचारों का प्रचार-प्रसार अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों को ज्ञान, जागरूकता और राष्ट्रभक्ति की दिशा में प्रेरित करेगा। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा जारी इस पहल का उद्देश्य न केवल डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित करना है, बल्कि उनकी शिक्षा और विज्ञान के प्रति दृष्टिकोण को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना भी है। विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि कार्यक्रमों का आयोजन सभी मदरसों में उत्साहपूर्वक और प्रभावी ढंग से किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *