उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित जीआईसी लेक्चरर भर्ती परीक्षा के परीक्षार्थियों हेतु विशेष व्यवस्थाएँ

Spread the love

आवश्यकतानुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेल प्रशासन तैयार 

 प्रयागराज । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग  द्वारा 14 जून को आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज लेक्चरर भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं । परीक्षार्थियों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यकता पड़ने पर एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।

प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल एवं अलीगढ़ जंक्शन पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विशेष ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतरिक्त आवश्यकतानुसार ट्रनों का रीशिड्यूल, एक्सटेंशन भी किया जायेगा . 

प्रयागराज मंडल रेल प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं हेतु विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। मंडल प्रशासन द्वारा प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी, सुबेदारगंज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद एवं मिर्जापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है । परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन एवं सहायता हेतु स्टेशन परिसरों की गतिविधियों की सतत निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी ।

स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती, पूछताछ काउंटरों की समुचित व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखने, हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई गई है । साथ ही प्लेटफार्मों पर परीक्षार्थियों को सही दिशा-निर्देशन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रेलवे कर्मचारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रयागराज मंडल सभी परीक्षार्थियों से अपील करता है कि वे समय से स्टेशन पहुँचें, वैध टिकट लेकर यात्रा करें तथा रेलवे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि सभी परीक्षार्थियों को समयबद्ध, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *