सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण किसी भी औद्योगिक प्रतिष्ठान की सफलता की आधारशिला – मोहम्मद हदीश
नबीनगर, औरंगाबाद (बिहार)। एनटीपीसी नबीनगर में श्रमिकों के सशक्तिकरण एवं जागरूकता हेतु श्रमिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कारखाना निरीक्षक, गयाजी अंचल, गयाजी मोहम्मद हदीश के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिन्होंने स्टेशन का दौरा कर श्रमिकों के साथ सीधे संवाद कर और उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना।
कारखाना निरीक्षक मोहम्मद हदीश ने एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा श्रमिकों के हित में की जा रही पहलों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण किसी भी औद्योगिक प्रतिष्ठान की सफलता की आधारशिला है। उन्होंने श्रमिकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक रहने तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों एवं प्रबंधन के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित कर कार्यों को बेहतर एवं सुरक्षित तरीके से निष्पादित कराना था। कार्यक्रम में श्रमिकों से कार्य स्थल पर कार्य के दौरान आराम करने के लिए रेस्ट रूम की व्यवस्था, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय की व्यवस्था, एवं सुरक्षा की व्यवस्था, समय पर वेतन भुगतान की व्यवस्था इत्यादि की जानकारी ली गई। श्रमिकों द्वारा बेझिझक अपनी बातों को विभाग के पदाधिकारी के समक्ष रखा गया। यह संवाद कार्यक्रम एनटीपीसी नबीनगर परियोजना की श्रमिक-केंद्रित एवं कल्याणोन्मुख कार्य संस्कृति का एक उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिसने श्रमिकों के सुरक्षा, जागरुकता और प्रबंधन-श्रमिक समन्वय को नई मजबूती प्रदान की। एनटीपीसी नबीनगर श्रमिकों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए उनके हित में इस प्रकार के प्रयास निरंतर करती रही है।
