दुद्धी, सोनभद्र। उपजिलाधिकारी रवि कुमार पासवान ने रविवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ. ऐमन अंसारी से मरीजों की देखभाल और इमरजेंसी सेवाओं की जानकारी ली और उनके काम पर संतोष जताया।
अस्पताल परिसर और गैलरी में फैली गंदगी को देखकर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सफाई व्यवस्था को लेकर जवाब-तलब किया। उपस्थिति पंजिका (अटेंडेंस रजिस्टर) मांगने पर पता चला कि वह अधीक्षक के बंद केबिन में है। डॉ. ऐमन ने बताया कि उन्होंने खुद एक दिन पहले ही कार्यभार संभाला है और व्यवस्थाओं की सही जानकारी अधीक्षक डॉ. शाह आलम के आने पर ही मिल पाएगी।अधीक्षक का ऑफिस बंद होने के कारण एसडीएम ने दोबारा आने की बात कही और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स रीता कन्नौजिया, सरोज खान आदि को अपने कर्तव्यों का सही से पालन करने की हिदायत देकर रवाना हो गए।
